LatestNewsNews postझारखण्डसरायकेला

झारखंड की बेटियों के लिए सुनहरा मौका: JCECEB नर्सिंग प्रवेश परीक्षा की निःशुल्क आवासीय कोचिंग, रोजगार का भी मिलेगा अवसर

SC, ST, OBC एवं अल्पसंख्यक वर्ग की छात्राओं से आवेदन आमंत्रित, गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण के साथ बेहतर प्लेसमेंट की भी व्यवस्था

 

राजनगर: झारखंड की छात्राओं के लिए नर्सिंग के क्षेत्र में करियर बनाने का सुनहरा अवसर सामने आया है. झारखंड सरकार के अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के सहयोग से संचालित प्रेझा फाउंडेशन के द्वारा JCECEB 2026 नर्सिंग प्रवेश परीक्षा की तैयारी के लिए निःशुल्क आवासीय कोचिंग शुरू करने की घोषणा की है.

 

इस पहल का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं सामाजिक रूप से वंचित वर्ग की प्रतिभाशाली छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है, ताकि वे नर्सिंग प्रवेश परीक्षा में सफल होकर अपने भविष्य को संवार सकें.

 

प्रेझा फाउंडेशन द्वारा संचालित एएनएम नर्सिंग कॉलेज में छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान की जा रही है. साथ ही विभिन्न स्वास्थ्य सेवा संस्थानों एवं कॉर्पोरेट अस्पतालों के साथ समझौते किए गए हैं, जिससे प्रशिक्षण पूरा करने वाली छात्राओं को बेहतर रोजगार के अवसर भी मिल सकें.

फाउंडेशन के अनुसार, यह निःशुल्क आवासीय कोचिंग विशेष रूप से अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST), अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) एवं अल्पसंख्यक वर्ग की पात्र छात्राओं के लिए शुरू की गई है. कोचिंग के दौरान छात्राओं को अनुभवी शिक्षकों द्वारा परीक्षा की बेहतर तैयारी कराई जाएगी.

 

इच्छुक अभ्यर्थी app.prejha.org पर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं. अधिक जानकारी के लिए 9263006941 एवं 6204800180 पर संपर्क किया जा सकता है.

यह पहल राज्य की बेटियों को नर्सिंग शिक्षा, आत्मनिर्भरता और सम्मानजनक रोजगार से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है. पात्र छात्राओं से समय रहते आवेदन करने की अपील की गई है.

Share this news