JamshedpurNewsझारखण्ड

पोटका में रफ्तार का कहर, अनियंत्रित ट्रक ने युवक को कुचला; मौके पर मौत, मुआवजे की मांग पर सड़क जाम

 

 

जमशेदपुर: पोटका थाना क्षेत्र के टाटा-हाता मुख्य मार्ग स्थित पावरू मोड़ के पास रविवार को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। एक अनियंत्रित ट्रक ने सड़क पर जा रहे युवक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

 

मृतक की पहचान राजनगर थाना क्षेत्र के उरुगुटू निवासी सुमन मंडल के रूप में हुई है। घटना के बाद मौके पर स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। युवक की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर टाटा-हाता मुख्य मार्ग को जाम कर दिया, जिसके कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया।

 

बताया जा रहा है कि सुमन मंडल सड़क से गुजर रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। ट्रक की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से कुचल गया और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।

इधर, सड़क जाम की सूचना मिलते ही पोटका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने-बुझाने का प्रयास शुरू किया। पुलिस ग्रामीणों से बातचीत कर जाम हटाने की कोशिश में जुटी है।

 

हादसे के बाद इलाके में मातम के साथ-साथ आक्रोश का माहौल है। ग्रामीण मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा दिलाने की मांग पर अड़े हुए हैं।

Share this news