राजनगर में वज्रपात से किसान का बैल मरा, खेती पर मंडराया संकट

राजनगर: सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर प्रखंड के गाजीडीह गांव में मंगलवार दोपहर हुई तेज बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से एक किसान का बैल मौत का शिकार हो गया। इस घटना से किसान को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। खरीफ सीजन के बीच बैल की मौत से खेती-किसानी पर भी संकट गहरा गया है।


मिली जानकारी के अनुसार, किसान वशिष्ठ प्रधान का बैल घर के गोहाल में बंधा हुआ था। इसी दौरान तेज गर्जना के साथ वज्रपात हुआ, जिसकी चपेट में आने से बैल की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद किसान और उसके परिजनों में शोक का माहौल है।
ग्रामीणों ने बताया कि मृत बैल किसान के कृषि कार्य का मुख्य सहारा था। खेत की जुताई और अन्य कार्यों में उसी का उपयोग किया जाता था। ऐसे समय में बैल की मौत से किसान के सामने खेती जारी रखना बड़ी चुनौती बन गई है।
घटना की सूचना मिलने पर पशुपालन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक जांच-पड़ताल की। विभागीय अधिकारियों ने नुकसान का आकलन कर नियमानुसार मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया शुरू करने की बात कही।
पीड़ित किसान ने प्रशासन से जल्द आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। वहीं ग्रामीणों ने भी प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित किसानों को शीघ्र राहत राशि देने की अपील की है, ताकि ऐसे किसान दोबारा अपने कृषि कार्य को सामान्य रूप से शुरू कर सकें।

