खूंटपानी प्रखंड में बीडीओ व अंचलाधिकारी आवास सहित कर्मियों के नए आवासों का गृह प्रवेश
खूंटपानी(प्रकाश कुमार गुप्ता): खूंटपानी प्रखंड मुख्यालय परिसर में प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचलाधिकारी आवास, पर्यवेक्षीय आवास तथा तृतीय एवं चतुर्थ वर्ग कर्मचारी आवास का गृह प्रवेश समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रखंड प्रमुख सिद्धार्थ होनहागा, जिला परिषद सदस्य यमुना तियू, विधायक प्रतिनिधि दुर्गा चरण पाड़ेया, प्रखंड अध्यक्ष बबलू गोडसोरा, बीडीओ धनंजय पाठक तथा अंचलाधिकारी फुलेश्वर साव ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।


इससे पूर्व दिउरी द्वारा आदिवासी रीति-रिवाज से विधिवत पूजा-अर्चना संपन्न कराई गई। कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि अंचल एवं प्रखंड कर्मियों के लिए निर्मित इन आवासों के निर्माण पर कुल 5 करोड़ 45 लाख 12 हजार रुपये की राशि व्यय हुई है।
ज्ञात हो कि इन भवनों का उद्घाटन गत 15 नवंबर को राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा ऑनलाइन माध्यम से किया गया था। प्रखंड मुख्यालय में आवासीय सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण अंचल एवं प्रखंड के कर्मचारियों को अब तक चाईबासा से आना-जाना करना पड़ता था। इससे कार्य निष्पादन में समय और संसाधनों की अतिरिक्त आवश्यकता होती थी।

अब प्रखंड मुख्यालय परिसर में आवास उपलब्ध हो जाने से अंचल एवं प्रखंड के कर्मी यहीं निवास कर सुचारू रूप से अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकेंगे। इससे प्रशासनिक कार्यों में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।
कार्यक्रम में जिला खाद्य आपूर्ति पदाधिकारी सुनीला खलखो, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी बबलू माझी, पशुपालन पदाधिकारी मुकेश कुमार सिंह, सीआई पवन तिर्की, समाजसेवी बिरसा तियू, उदय मुंडारी, कोना पुरती, आशेष कुमार सहित अंचल एवं प्रखंड के कई कर्मी उपस्थित थे।

