Newsझारखण्ड

कोमाय में 9 अप्रैल को होने वाली जनता दरबार को लेकर बीडीओ साधुचरण देवगम ने किया तैयारी बैठक

 

कुचाई प्रखंड अंतर्गत रोलाहातु पंचायत के सुदुरवर्ती पहाड़ी क्षेत्र कोमाय में आगामी 9 अप्रैल को होने वाली जनता दरबार को लेकर प्रखंड सभागार में बीडीओ साधुचरण देवगम की अध्यक्षता में एक तैयारी बैठक आयोजित की गई। जिसमें प्राथमिक विद्यालय कोमाय के मैदान में जिला के उपायुक्त महोदय की अध्यक्षता में गुरुवार को होने वाली जनता दरबार को लेकर विचार विमर्श किया गया। इस दौरान बीडीओ श्री देवगम ने कहा कि उक्त जनता दरबार में ग्रामीणों की समस्याओं से अवगत होते हुए उनका निदान किया जायेगा और साथ ही उन्हें केंद्र/राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से आच्छादित किया जाएगा।

 

बीडीओ ने कहा कि प्रखंड स्तरीय सभी विभागीय पदाधिकारी/कर्मीगण 9 अप्रैल यानी गुरुवार को आयोजित जनता दरबार में अपने विभाग द्वारा संचालित केंद्र/राज्य सरकार के सभी जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित आवेदन प्रपत्र/बैनर/पोस्टर/कंप्यूटर/लैपटॉप/प्रिंटर इत्यादि के साथ गुरुवार सुबह 10 बजे तक कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित होना सुनिश्चित करेंगे। साथ ही परिसंपत्ति वितरण हेतु चिन्हित लाभुकों की सूची तैयार कर लेंगे एवं 8 अप्रैल को दोपहर तीन बजे तक उक्त सूची प्रधान लिपिक, प्रखंड कार्यालय, कुचाई के पास जमा करना सुनिश्चित करेंगे। वहीं बुधवार को रोलाहातु पंचायत अंतर्गत सभी ग्रामों में प्रचार वाहन के माध्यम से माइकिंग कर 9 अप्रैल को आयोजित होने वाले जनता दरबार के संबंध में विस्तृत प्रचार – प्रसार करने का निर्देश दिया गया। बैठक में सभी विभाग के पदाधिकारी एवं प्रखंड कर्मी मौजूद थे।

Share this news