JamshedpurLatestNewsझारखण्ड

कोवाली में अवैध लॉटरी-नशे के कारोबार पर विधायक संजीव सरदार सख्त, DC से तत्काल कार्रवाई की मांग

पोटका। कोवाली थाना क्षेत्र में कथित तौर पर संचालित अवैध लॉटरी और नशीले पदार्थों के कारोबार को लेकर पोटका विधायक संजीव सरदार ने कड़ा रुख अपनाया है। क्षेत्र में अवैध गतिविधियों को लेकर लगातार सामने आ रही खबरों और ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों से मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विधायक ने पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त को पत्र लिखकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

 

विधायक ने अपने पत्र में कहा है कि पिछले कुछ समय से विभिन्न समाचार माध्यमों में कोवाली थाना क्षेत्र में अवैध लॉटरी के संचालन और अफीम-चरस जैसे नशीले पदार्थों की कथित बिक्री से संबंधित खबरें सामने आ रही हैं। वहीं, स्थानीय ग्रामीणों की ओर से भी इस संबंध में शिकायतें एवं जानकारी दी जा रही है। इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने जिला प्रशासन का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराया है।

 

संजीव सरदार ने कहा कि अवैध लॉटरी जैसी गतिविधियों से क्षेत्र में अपराध और असामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की आशंका रहती है। वहीं, नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री का सबसे अधिक असर युवाओं और विद्यार्थियों पर पड़ सकता है। नशे की बढ़ती प्रवृत्ति से परिवार और समाज दोनों प्रभावित होते हैं तथा क्षेत्र का सामाजिक वातावरण भी खराब होता है।

 

विधायक ने युवाओं के भविष्य को लेकर चिंता जताते हुए कहा कि उन्हें नशे और अवैध गतिविधियों से दूर रखना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रशासन से ऐसे अवैध कारोबार में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

 

विधायक ने कोवाली थाना क्षेत्र से होने वाली कथित अवैध बालू ढुलाई का भी पत्र में उल्लेख किया है। उन्होंने कहा कि अवैध बालू परिवहन से सरकारी राजस्व को नुकसान होने के साथ-साथ प्राकृतिक संसाधनों का अनियंत्रित दोहन भी होता है। ऐसे में इस पर भी प्रभावी निगरानी और कार्रवाई की आवश्यकता है।

 

ओडिशा सीमा से सटे कोवाली थाना क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर विशेष निगरानी की मांग करते हुए विधायक ने उपायुक्त से संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देने का आग्रह किया है। उन्होंने अवैध लॉटरी, नशीले पदार्थों की बिक्री, अवैध बालू परिवहन सहित अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर तत्काल रोक लगाने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।

 

विधायक ने कहा कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षित सामाजिक वातावरण कायम रखने के लिए अवैध धंधों पर समय रहते प्रभावी कार्रवाई जरूरी है। पत्र की प्रतिलिपि वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।

Share this news