खरसावां के बड़ा कुड़मा में तारणी व्रत पर चंडी पाठ, भक्तिमय माहौल में गूंजा “जय मां तारणी” का जयघोष

खरसावां प्रखंड के तेलाईडीह पंचायत अंतर्गत बड़ा कुड़मा गांव में मां तारणी पूजा एवं तारणी व्रत के अवसर पर आयोजित धार्मिक अनुष्ठान के तहत बुधवार को विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भव्य चंडी पाठ का आयोजन किया गया। पूरे दिन गांव और आसपास का क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा।


श्रद्धालुओं द्वारा लगाए गए “जय मां तारणी” के जयघोष से पूरा इलाका गुंजायमान हो उठा. सुबह से ही पूजा स्थल पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। आकर्षक ढंग से सजे पूजा मंडप में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना प्रारंभ हुई। चंडी पाठ के दौरान बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालु उपस्थित होकर मां तारणी की आराधना में लीन रहे। धार्मिक अनुष्ठान के माध्यम से क्षेत्र में सुख-समृद्धि, शांति एवं जनकल्याण की कामना की गई.

पूरे आयोजन के दौरान भजन-कीर्तन और देवी स्तुति से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा। पारंपरिक वेशभूषा में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक पूजा में भाग लेकर अपनी आस्था व्यक्त की। वहीं कई श्रद्धालुओं ने मां तारणी के दरबार में अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए विशेष पूजा-अर्चना की। आयोजन समिति के सदस्य बसंत मिश्रा ने बताया कि मां तारणी पूजा क्षेत्र की प्राचीन धार्मिक परंपराओं का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने बताया कि मां तारणी के प्रति लोगों की गहरी आस्था है, जिसके कारण दूर-दराज के गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए यहां पहुंचते हैं। धार्मिक अनुष्ठान के उपरांत श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में समिति के सदस्यों एवं ग्रामीणों का सराहनीय योगदान रहा। इस अवसर पर मुख्य रूप से बसंत मिश्रा, भरत मिश्रा, चक्रधर मिश्रा, शिवचरण दास, परशुराम प्रधान, धनीराम मिश्रा, बाल्मीक प्रधान, लव किशोर प्रधान, सरोज प्रमाणिक सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

