Newsझारखण्डसरायकेला

तिरूलडीह पंचायत के पूर्व मुखिया मेघनाथ सिंह पातर का निधन, क्षेत्र में शोक की लहर

ईचागढ़ : सरायकेला जिला के तिरूलडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत तिरूलडीह पंचायत के पूर्व मुखिया एवं हेरेमुड़ी गांव के पारंपरिक ग्राम प्रधान मेघनाथ सिंह पातर का बुधवार को निधन हो गया। उन्होंने दोपहर करीब 1:30 बजे मिलन चौक स्थित माधुरी नर्सिंग होम में अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर फैलते ही पूरे तिरूलडीह एवं आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई। मेघनाथ सिंह पातर लंबे समय तक सामाजिक एवं जनहित के कार्यों से जुड़े रहे। पंचायत के पूर्व मुखिया के रूप में उन्होंने ग्रामीण विकास, सामाजिक समरसता और जनसमस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाई। पारंपरिक ग्राम प्रधान होने के कारण भी गांव में उनका विशेष सम्मान था और स्थानीय लोग महत्वपूर्ण सामाजिक मामलों में उनकी सलाह को महत्व देते थे।

उनके निधन की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण, शुभचिंतक एवं विभिन्न जनप्रतिनिधि उनके आवास पहुंचे और पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। सभी ने उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। ग्रामीणों ने बताया कि मेघनाथ सिंह पातर सरल, मिलनसार और समाजसेवी व्यक्तित्व के धनी थे। वे हमेशा गांव के लोगों के सुख-दुख में सहभागी बनते थे और सामाजिक एकता बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयासरत रहते थे। उनके निधन से तिरूलडीह पंचायत ने एक अनुभवी, सम्मानित और जनप्रिय सामाजिक नेतृत्व को खो दिया है, जिसकी कमी लंबे समय तक महसूस की जाएगी।

Share this news