मारवाड़ी युवा मंच धैया शाखा ने किया दो दिवसीय स्टेट बॉक्स क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन
चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): झारखंड प्रांत मारवाड़ी युवा मंच की धैया शाखा की ओर से नवाडीह, धनबाद में दो दिवसीय स्टेट बॉक्स क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में राज्य की कुल 18 शाखाओं ने भाग लिया। टूर्नामेंट की खास बात यह रही कि इसमें पुरुषों के साथ-साथ महिलाओं की टीमों ने भी बॉक्स क्रिकेट में हिस्सा लिया।


इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में चाईबासा से मारवाड़ी युवा मंच जागृति शाखा ने अपनी महिला टीम के साथ भाग लेकर चाईबासा का प्रतिनिधित्व किया। जागृति शाखा की भागीदारी का उद्देश्य केवल जीत हासिल करना नहीं था, बल्कि महिला शक्ति की सशक्त उपस्थिति दर्ज कराना और यह संदेश देना था कि आज की महिलाएं हर क्षेत्र में नेतृत्व करने में सक्षम हैं।

जागृति शाखा की अध्यक्ष चंदा अग्रवाल ने बताया कि इस तरह के खेलकूद और सामाजिक कार्यक्रम महिलाओं के आत्मविश्वास को बढ़ाते हैं और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि खेल के माध्यम से महिलाओं में टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और आत्मनिर्भरता का विकास होता है।
टूर्नामेंट के दौरान सभी टीमों ने उत्साह और खेल भावना के साथ अपने मुकाबले खेले। आयोजन स्थल पर खिलाड़ियों और दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला। धैया शाखा द्वारा किए गए इस आयोजन की सभी शाखाओं ने सराहना की।

इस कार्यक्रम में चाईबासा जागृति शाखा की ओर से अध्यक्ष चंदा अग्रवाल के साथ श्वेता जलान, शिल्पा फिरोजीवाला सहित कई अन्य सदस्य उपस्थित रहीं। सभी ने मिलकर महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया और खेल के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव का आह्वान किया।
यह टूर्नामेंट न केवल खेल प्रतियोगिता रहा, बल्कि महिलाओं की भागीदारी और सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

