राष्ट्रीय कैंसर जागरूकता दिवस पर पोटका सीएचसी में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, शुरुआती लक्षणों की पहचान और समय पर इलाज पर दिया गया जोर
पोटका: राष्ट्रीय कैंसर जागरूकता दिवस के अवसर पर शनिवार, 7 नवंबर 2026 को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), पोटका में कैंसर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सिविल सर्जन, पूर्वी सिंहभूम डॉ. साहिर पाल के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में लोगों को कैंसर के शुरुआती लक्षणों, बचाव के उपायों और समय पर इलाज के महत्व की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोटका के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुकांत सीट ने कहा कि कैंसर की समय रहते पहचान और उचित उपचार से बीमारी को नियंत्रित करने तथा मरीज की जान बचाने की संभावना बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय कैंसर जागरूकता दिवस मनाने का मुख्य उद्देश्य लोगों को इस गंभीर बीमारी के लक्षण, कारण, रोकथाम और समय पर उपचार के प्रति जागरूक करना है।
इस दौरान जिला कुष्ठ परामर्शी डॉ. राजीव लोचन महतो ने कैंसर के शुरुआती लक्षणों की जानकारी देते हुए बताया कि मुंह या जीभ पर लंबे समय तक रहने वाले छाले, सफेद या लाल निशान, गले अथवा शरीर के किसी अन्य हिस्से में बिना दर्द वाली गांठ और बिना किसी स्पष्ट कारण के वजन कम होना कैंसर के संभावित संकेत हो सकते हैं। उन्होंने ऐसे लक्षण दिखाई देने पर बिना देरी किए चिकित्सकीय जांच कराने की सलाह दी।

डॉ. महतो ने कैंसर से बचाव के उपायों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि तंबाकू और शराब से दूरी बनाकर, स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर तथा नियमित स्वास्थ्य जांच और आवश्यक कैंसर स्क्रीनिंग के माध्यम से कैंसर के जोखिम को कम किया जा सकता है।
सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी बैसाखी भगत ने कहा कि समाज में कैंसर को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करना बेहद जरूरी है। लोगों को इस बीमारी के प्रति जागरूक होने के साथ-साथ समय पर जांच और इलाज के लिए आगे आना चाहिए।
कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक अनामिका सिंह, प्रखंड लेखा प्रबंधक मनोज कुमार, डाटा प्रबंधक धर्मपाल मंडल, धर्मराज महतो, बीएएफ टुनु रानी मंडल, टुकटुकी मंडल, बधाई मुर्मू सहित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सभी कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।


