हरेलाल महतो ने फूंका हेमंत सरकार का पुतला, निशा भगत मामले की CBI जांच की मांग
नीमडीह: जनजातीय समाज के हक-अधिकारों की लड़ाई लड़ने वाली और समाज की आवाज बनकर निरंतर संघर्ष करने वाली युवा नेत्री सुश्री निशा भगत को न्याय दिलाने की मांग को लेकर प्रदेश भाजपा के निर्देशानुसार आज नीमडीह प्रखंड के रघुनाथपुर में हेमंत सरकार का पुतला दहन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व नीमडीहपूर्वी मंडल अध्यक्ष विपुल सिंह सरदार एवं नीमडीह पश्चिम मंडल अध्यक्ष जयंतो रजक ने किया।

इस दौरान भाजपा नेता हरेलाल महतो ने कहा कि निशा भगत जी की आत्महत्या से जुड़े पूरे मामले की सच्चाई सामने आनी चाहिए। उन्होंने सरकार से मांग की कि इस मामले की जांच CBI से कराई जाए, ताकि सच्चाई सामने आए और निशा भगत को न्याय मिल सके।

उन्होंने हेमंत सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार एक ओर आदिवासी समाज के हितों की बात करती है, लेकिन जब समाज की एक युवा नेत्री को न्याय दिलाने की मांग उठ रही है, तब सरकार चुप क्यों है? आखिर सरकार CBI जांच कराने से पीछे क्यों हट रही है? सरकार को इस मामले में अपनी चुप्पी तोड़नी चाहिए और CBI जांच की मांग पर गंभीरता से कदम उठाना चाहिए।
मौके पर जिला परिषद सदस्य असित सिंह पातर, पूर्व जिला परिषद सदस्य अनीता पारित, बीजोपोदो पारित, वरिष्ठ भाजपा नेता अमूल्य महतो, मंडल महामंत्री भरत गोप,घनश्याम महतो, उत्तम कुमार, राजीव नायक, नीतीश तिवारी, वरुण सिंह, लक्ष्मीकांत महतो, सामल महतो, रघु महतो, दिनेश महतो सहित अन्य लोग उपस्थित थे।



