नई दिल्ली में अनन्त उत्सव 2025 में सरायकेला छौ नृत्य की चमक, दर्शकों ने खूब सराहा
नई दिल्ली। राजधानी में आयोजित तीन दिवसीय अनन्त उत्सव 2025 में सरायकेला की सांस्कृतिक धरोहर छौ नृत्य ने अपनी विशिष्ट पहचान दर्ज कराई। स्थानीय संस्था आचार्य छौ नृत्य विचित्र के कलाकारों ने संस्था के सह-निर्देशक रंजीत कुमार आचार्य के नेतृत्व में नई दिल्ली के सुंदर नर्सरी, निजामुद्दीन में आकर्षक प्रस्तुति दी।


स्पीक मैके, भारतीय संस्था द्वारा आयोजित इस उत्सव के पहले दिन कलाकारों ने राधा-कृष्ण, हंस, कच्छ, और देवजानी जैसे पारंपरिक छौ नृत्यों की अद्भुत प्रस्तुति देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मौजूद कला प्रेमियों और विशेषज्ञों ने सरायकेला शैली की छौ नृत्य की गति, भाव-भंगिमा और परंपरागत वेशभूषा की भूरी-भूरी प्रशंसा की।
सह-निर्देशक रंजीत आचार्य ने नई दिल्ली से बताया कि इस मंच पर प्रस्तुति देना कलाकारों के लिए सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के दर्शकों ने छौ नृत्य को जिस तरह सराहा, वह झारखंड की कला संस्कृति के लिए गर्व का क्षण है।
प्रस्तुति देने वाले कलाकारों में सुकांत आचार्य, विश्वनाथ कुंभकार, सतीश मोदक, राजेश गोप, चंद्र नारायण मोहंती, रंजीत आचार्य, गोविंद महतो, सपन आचार्य, यश पाठक और योगेश कुमार शामिल थे।
अनन्त उत्सव में देशभर के कई ख्यातिप्राप्त कलाकारों की उपस्थिति रही, वहीं सरायकेला छौ नृत्य ने इस मंच पर अपनी अनोखी सांस्कृतिक पहचान मजबूत की।


