Newsझारखण्ड

नोवामुंडी में हाथी का कहर, एक ही परिवार के चार समेत पांच लोगों की मौत

 

 

नोवामुंडी(प्रकाश कुमार गुप्ता): नोवामुंडी प्रखंड के पंचायत जेटेया अंतर्गत ग्राम बावड़िया मुंडा टोला में जंगली हाथी के हमले से बड़ा हादसा हो गया।

 

कल बीती रात करीब 9 बजे जंगली हाथी ने एक ही परिवार के चार सदस्यों की जान ले ली। मृतकों में सनातन मेरेल (50 वर्ष), झलक मोनी कुई (45 वर्ष), दयमंती मेरेल (8 वर्ष) और मुंगडू मेरेल (5 वर्ष) शामिल हैं। वहीं बड़ापसिया टोला डुगुड़ वसा में हाथी के हमले से मंगल बोबोंगा (26 वर्ष) की भी मौत हो गई।

घटना की सूचना बावड़िया निवासी रूपसिंह लागुरी द्वारा जगन्नाथपुर के विधायक एवं उप मुख्य सचेतक सोनाराम सिंकु को दी गई। सूचना मिलते ही विधायक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दूरभाष पर पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त को घटना की जानकारी दी।

 

इसके साथ ही विधायक ने अंचल अधिकारी नोवामुंडी, प्रखंड विकास पदाधिकारी नोवामुंडी और रेंजर से भी बात कर पीड़ित परिवारों को शीघ्र मुआवजा देने का निर्देश दिया। उन्होंने पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन भी दिया।

घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों के आतंक से निजात दिलाने और प्रभावित इलाकों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।

 

मौके पर मुखिया जेना पुरती और संजीत तिरिया उपस्थित रहे और पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाया। प्रशासन द्वारा आगे की कार्रवाई और मुआवजा प्रक्रिया की तैयारी की जा रही है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *