राजनगर के मिडिकी स्टोन माइंस व क्रशर पर आरटीआई, विधायक प्रतिनिधि ने मांगी वैधता और पर्यावरणीय स्वीकृतियों की जानकारी

राजनगर: सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर प्रखंड स्थित मिडिकी के स्टोन माइंस एवं स्टोन क्रशर की वैधता, संचालन प्रक्रिया और पर्यावरणीय अनुपालन को लेकर सूचना का अधिकार (आरटीआई) के तहत विस्तृत जानकारी मांगी गई है। विधायक प्रतिनिधि सनन्द कुमार आचार्य ने जिला खनन पदाधिकारी सह लोक सूचना पदाधिकारी को आवेदन सौंपकर माइंस एवं क्रशर से संबंधित विभिन्न अभिलेखों की प्रतियां उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है।


आरटीआई आवेदन में खनन पट्टा (माइनिंग लीज), लीज मैप, सीमांकन रिपोर्ट, पर्यावरणीय स्वीकृति, ग्रामसभा की अनापत्ति, खनन योजना तथा माइंस संचालन से जुड़े अन्य वैधानिक दस्तावेजों की जानकारी मांगी गई है। इसके अलावा पिछले पांच वर्षों के खनिज उत्पादन, रॉयल्टी भुगतान, ट्रांजिट चालान, ई-चालान और विभागीय निरीक्षण रिपोर्ट की प्रतियां भी उपलब्ध कराने की मांग की गई है।
आवेदन में खनन क्षेत्र के आसपास स्थित आबादी, विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र और जलस्रोतों से उनकी दूरी का विवरण भी मांगा गया है। साथ ही यह जानकारी भी चाही गई है कि संबंधित माइंस एवं स्टोन क्रशर के विरुद्ध किसी नागरिक, पंचायत प्रतिनिधि अथवा जनप्रतिनिधि द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई है या नहीं तथा उन शिकायतों पर विभाग ने क्या कार्रवाई की है।
आरटीआई आवेदन के बाद क्षेत्र में संचालित खनन गतिविधियों और उनके नियमानुसार संचालन को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि जिला खनन विभाग निर्धारित समय सीमा के भीतर मांगी गई सूचनाओं पर क्या जवाब देता है।

