Newsझारखण्डसरायकेला

राजनगर के मझगांव में बारिश से कच्चा मकान ध्वस्त, बेघर हुआ गरीब परिवार; आवास की गुहार

राजनगर। प्रखंड क्षेत्र की केंदमुंडी पंचायत अंतर्गत मझगांव में पिछले तीन दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण पांचला बास्के का कच्चा मकान ढह गया। मकान गिरने से परिवार के सामने रहने का गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है।

जानकारी के अनुसार, पांचला बास्के के माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है। वह अपनी बहन और बुआ के साथ इसी कच्चे मकान में रहती हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है। घर में आय का कोई स्थायी स्रोत नहीं होने के कारण परिवार पहले से ही कठिन परिस्थितियों में जीवन गुजार रहा है।

लगातार बारिश के चलते कच्चा मकान कमजोर हो गया और अचानक ध्वस्त हो गया। हालांकि, इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। मकान गिरने के बाद परिवार को सिर छिपाने की चिंता सताने लगी है। बारिश के बीच सुरक्षित ठिकाना नहीं होने से उनकी परेशानी और बढ़ गई है।

पीड़ित परिवार ने प्रशासन और सरकार से मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है। परिवार का कहना है कि क्षतिग्रस्त मकान का स्थलीय निरीक्षण कर उचित मुआवजा दिया जाए और सरकारी आवास योजना के तहत पक्का मकान उपलब्ध कराया जाए, ताकि उन्हें इस मुश्किल घड़ी में राहत मिल सके।

Share this news