बुजुर्ग असहाय पर गिरी मिट्टी की दीवार, पैर टूटा; पीएलवी ब्रजेश रॉय की तत्परता से पहुंचा अस्पताल

राजनगर:- राजनगर थाना क्षेत्र के गम्हरिया पंचायत अंतर्गत सोलगाड़िया गांव में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। गांव के एक 65 वर्षीय असहाय बुजुर्ग के ऊपर अचानक मिट्टी की दीवार भरभराकर गिर गई। हादसे के दौरान दरवाजे का लकड़ी का चौखट भी सीधे उनके पैर पर आ गिरा, जिससे उनका पैर गंभीर रूप से घायल हो गया और टूट गया।


घटना के बाद बुजुर्ग काफी देर तक दर्द से कराहते हुए घर में पड़े रहे। इसी बीच मामले की जानकारी डालसा के पीएलवी सह अधिकारी मित्र ब्रजेश रॉय को मिली। सूचना मिलते ही उन्होंने मानवता का परिचय देते हुए तत्काल 108 एंबुलेंस सेवा से संपर्क किया और घायल बुजुर्ग को इलाज के लिए राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया।
ब्रजेश रॉय ने बताया कि घायल बुजुर्ग बेहद असहाय स्थिति में जीवन यापन कर रहे हैं। उनकी पत्नी और संतान नहीं हैं तथा वे घर में अकेले रहते हैं। उनके भाई जमशेदपुर में रहते हैं। ऐसे में दुर्घटना के समय उनकी मदद के लिए कोई परिजन मौजूद नहीं था।
उन्होंने कहा कि इस तरह की घटना अत्यंत दुखद है। उन्होंने बुजुर्ग के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए प्रशासन एवं सरकार से उनके बेहतर उपचार और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की। साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि मानवीय आधार पर उनसे जो भी सहयोग संभव होगा, वह आगे भी करते रहेंगे।
ग्रामीणों ने भी ब्रजेश रॉय की त्वरित पहल की सराहना करते हुए कहा कि समय पर अस्पताल पहुंचाए जाने से घायल बुजुर्ग को तत्काल चिकित्सा सुविधा मिल सकी। यह घटना एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में जर्जर कच्चे मकानों की स्थिति और अकेले रह रहे बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है।

