रामकृष्णा फोर्जिंग्स में मेगा रक्तदान शिविर, 352 यूनिट रक्त संग्रह
सरायकेला: आदित्यपुर स्थित रामकृष्णा फोर्जिंग्स लिमिटेड के प्लांट-III एवं IV में रविवार को कंपनी की कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) पहल के तहत 14वें मेगा रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। जमशेदपुर ब्लड बैंक और वीबीडीए (VBDA) के सहयोग से आयोजित इस शिविर में कुल 352 यूनिट रक्त संग्रह किया गया।

शिविर का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना और लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूक करना था। इस आयोजन में कंपनी के अधिकारियों, कर्मचारियों और अन्य लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। रक्तदान के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों की सहायता करने के साथ ही समाज में मानव सेवा का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में कंपनी के सीईओ शक्ति सेनापति, कार्यकारी निदेशक राहुल बागड़िया, सीएचआरओ भूपेंद्र लोधी, वरिष्ठ एचआर प्रबंधक सुशील कुमार सिंह और सुरक्षा अधिकारी रजनीश कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कंपनी की ओर से सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत मानव सेवा और जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रमों को आगे भी जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई गई। शिविर में एकत्रित रक्त जरूरतमंद मरीजों के उपचार में सहायक होगा।


