भीषण गर्मी में जादूगोड़ा का यूसीआईएल अस्पताल बदहाल, मरीज परेशान

बताया जा रहा है कि जहां एक ओर डॉक्टरों के चैंबर और इमरजेंसी कक्ष में पर्याप्त एसी की व्यवस्था है, वहीं मरीजों के वार्ड में हालात बेहद खराब हैं। मेल और फीमेल वार्ड में लगे कुलर और एग्जॉस्ट फैन लंबे समय से खराब पड़े हैं, जिससे मरीजों को गर्मी में काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है।



मरीजों और उनके परिजनों का आरोप है कि अस्पताल के कई बेड जर्जर हालत में हैं। कुछ बेड पर लेटते ही नीचे धंस जाते हैं, जिससे मरीजों को असुविधा होती है। वहीं अस्पताल में रखे कई उपकरणों और सामग्रियों में जंग लग चुकी है, जो संक्रमण का खतरा बढ़ा सकती है।
इसके अलावा, मरीजों ने यह भी बताया कि अस्पताल में कई बार जरूरी दवाएं उपलब्ध नहीं होतीं, जिसके कारण उन्हें बाहर से दवाएं खरीदनी पड़ती हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि एक सरकारी उपक्रम के अंतर्गत आने वाले इस अस्पताल की ऐसी स्थिति चिंता का विषय है। अब देखना यह होगा कि संबंधित प्रबंधन और प्रशासन इस ओर कब ध्यान देते हैं और मरीजों को बेहतर सुविधाएं कब तक मिल पाती हैं।

