Newsझारखण्डसरायकेला

चांडिल और नीमडीह के पांच दुर्गा पूजा पंडालों का विधायक सविता महतो ने किया उद्घाटन

 

 

ईचागढ़ विधायक ने मां दुर्गा से क्षेत्र की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की, श्रद्धालुओं को दी दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं

 

चांडिल। सरायकेला-खरसावां जिले में दुर्गा पूजा को लेकर उत्साह का माहौल है। इसी क्रम में ईचागढ़ की विधायक सविता महतो ने महाषष्ठी के अवसर पर शुक्रवार को चांडिल और नीमडीह प्रखंड के पांच दुर्गा पूजा पंडालों का विधिवत उद्घाटन किया। उन्होंने चांडिल प्रखंड के फोदलोंगोड़ा, आसनबनी और कदमडीह तथा नीमडीह प्रखंड के चालियामा और वहां स्थित हरिमंदिर के पूजा पंडालों का फीता काटकर उद्घाटन किया। इसके बाद श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए मां दुर्गा का पट खोल दिया गया।

 

इस दौरान विधायक ने दुर्गा मंडप में माथा टेककर मां दुर्गा का आशीर्वाद लिया और क्षेत्र की सुख-शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। उन्होंने उपस्थित श्रद्धालुओं और ग्रामीणों को दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं भी दीं।

 

विधायक सविता महतो ने कहा कि शारदीय नवरात्र में मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की आराधना की जाती है। मां दुर्गा शक्ति, साहस और सकारात्मक ऊर्जा की प्रतीक हैं। उनकी उपासना से लोगों को बुराई पर अच्छाई की जीत और अन्याय के विरुद्ध संघर्ष करने की प्रेरणा मिलती है।

 

उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी शक्ति को विशेष स्थान दिया गया है। मां दुर्गा की पूजा नारी शक्ति के सम्मान और उसकी महत्ता का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से दुर्गा पूजा का त्योहार आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की।

 

इस अवसर पर पारडीह काली मंदिर के महंत विद्यानंद सरस्वती, झामुमो केंद्रीय सदस्य ओम प्रकाश लायेक, काबलु महतो, दिलीप महतो, प्रोबोध उरांव, शंकर मंडल, टिंकू राम महतो, राहुल वर्मा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु उपस्थित थे।

Share this news