Newsझारखण्डसरायकेला

सरायकेला में उद्घाटन समारोह पर विवाद, विधायक प्रतिनिधि ने प्रोटोकॉल उल्लंघन का लगाया आरोप

 

 

सरायकेला: सरायकेला नगर पंचायत में विभिन्न विकास योजनाओं के प्रस्तावित उद्घाटन को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। सरायकेला विधानसभा के विधायक प्रतिनिधि सनंद कुमार आचार्य ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर आरोप लगाया है कि नगर पंचायत कार्यालय ने सरकारी प्रोटोकॉल की अनदेखी करते हुए स्थानीय विधायक एवं पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन को आमंत्रित किए बिना उद्घाटन समारोह आयोजित करने की तैयारी की थी।

विधायक प्रतिनिधि के अनुसार, नगर पंचायत क्षेत्र में पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के कार्यकाल में स्वीकृत लगभग 15 विकास योजनाओं का उद्घाटन नगर अध्यक्ष मनोज चौधरी द्वारा बिना स्थानीय विधायक को सूचना दिए किए जाने की कोशिश की जा रही थी। उन्होंने दावा किया कि मामले की जानकारी मिलते ही इसका विरोध किया गया और इसकी सूचना उपायुक्त, उप विकास आयुक्त, नगर पंचायत पदाधिकारी सहित पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन को दी गई, जिसके बाद प्रस्तावित उद्घाटन समारोह रद्द कर दिया गया।

प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि सरकारी एवं सार्वजनिक कार्यक्रमों में स्थानीय विधायक को आमंत्रित करना सरकारी प्रोटोकॉल का हिस्सा है और इसकी अनदेखी लोकतांत्रिक व्यवस्था तथा जनता के जनादेश का अपमान है। विधायक प्रतिनिधि ने आरोप लगाया कि सरकारी योजनाओं के उद्घाटन को निजी कार्यक्रम की तरह आयोजित करने का प्रयास प्रशासनिक नियमों का उल्लंघन है।

उन्होंने पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने, प्रोटोकॉल का उल्लंघन करने वाले अधिकारियों के विरुद्ध विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई करने तथा दोषियों को तत्काल निलंबित करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि भविष्य में इस प्रकार की मनमानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Share this news