Newsझारखण्डसरायकेला

सरायकेला में जिला स्थापना दिवस की तैयारियों की समीक्षा, 4 अप्रैल को होगा भव्य कार्यक्रम

 

सरायकेला–खरसावाँ जिले में आगामी 4 अप्रैल 2026 को जिला स्थापना दिवस के अवसर पर नगर भवन, सरायकेला में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए मंगलवार को उप विकास आयुक्त रीना हांसदा की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में कार्यक्रम की रुपरेखा तय करते हुए सभी विभागों को अपने-अपने स्तर पर तैयारी पूरी करने के निर्देश दिए गए। जिले के इतिहास, विकास और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से विद्यालयों में पेंटिंग और क्विज प्रतियोगिता आयोजित किए जाने का निर्णय लिया गया। प्रतियोगिताओं के माध्यम से छात्रों को जिले की स्थापना से अब तक की प्रमुख उपलब्धियों की जानकारी भी दी जाएगी।

बैठक में यह भी निर्णय किया गया कि जिले के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारियों और कर्मियों को कार्यक्रम के दौरान सम्मानित किया जाएगा। उप विकास आयुक्त ने कहा कि जिला स्थापना दिवस पूरे जिले के लिए गौरव का अवसर है, इसलिए कार्यक्रम को सुव्यवस्थित, आकर्षक और जनसहभागिता से भरपूर बनाया जाना चाहिए।

सभी विभागों को अपने कार्यालय परिसरों की साफ-सफाई, सजावट तथा नगर निकाय क्षेत्रों के प्रमुख चौक-चौराहों और महापुरुषों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई एवं माल्यार्पण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्य कार्यक्रम स्थल नगर भवन में साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल, यातायात प्रबंधन तथा अन्य सभी आवश्यक सुविधाओं को समय पर पूरा करने की बात कही गई।

बैठक में डीआरडीए निदेशक डॉ. अजय तिर्की, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, अपर नगर आयुक्त आदित्यपुर नगर निगम, सरायकेला एवं चांडिल के अनुमंडल पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला खेल पदाधिकारी समेत विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।

इसके अलावा सभी नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारी एवं संबंधित कार्य एजेंसियों के कार्यपालक अभियंता भी बैठक में शामिल हुए।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *