LatestNewsNews postझारखण्ड

गाँव–कस्बों में बढ़ी जागरूकता: घाटशीला अनुमंडल अस्पताल में एचपीवी टीकाकरण शिविर का शुभारंभ

पूर्वी सिंहभूम जिले में सर्वाइकल कैंसर से बचाव की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए सोमवार को अनुमंडल अस्पताल घाटशीला में एचपीवी वैक्सीन टीकाकरण शिविर की शुरुआत की गई। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला परिषद सदस्य देवयानी मुर्मू, सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल, प्रमुख सुशीला टुडू, बीडीओ यूनिका शर्मा और उपाधीक्षक डॉ. आर.एन. सोरेन ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने कहा कि एचपीवी वैक्सीन बेटियों को सर्वाइकल कैंसर जैसे गंभीर खतरे से बचाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह टीका कैंसर का इलाज नहीं बल्कि उससे पहले सुरक्षा कवच है।

बीडीओ यूनिका शर्मा ने बताया कि यह वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है और इसके दुष्प्रभाव बेहद हल्के होते हैं, जो स्वतः खत्म हो जाते हैं।

वहीं अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. आर.एन. सोरेन ने सलाह दी कि टीका लगने के बाद 20 से 30 मिनट तक निरीक्षण में रहना जरूरी है, ताकि सिरदर्द, हल्का चक्कर या जी मिचलाने जैसी संभावित प्रतिक्रियाओं को संभाला जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि टीकाकरण वाले दिन भारी व्यायाम से बचना चाहिए।

जिला परिषद सदस्य देवयानी मुर्मू ने कहा कि भारत में उपलब्ध एचपीवी वैक्सीन का व्यापक शोध हुआ है और इसे सुरक्षित व असरदार पाया गया है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि बेटियों को टीका जरूर दिलाएं।

सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने जानकारी दी कि जिले में एचपीवी टीकाकरण की शुरुआत 30 मार्च को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहरागोड़ा से हुई थी। आज घाटशीला के साथ-साथ मुसाबनी, पटमदा, चाकूलिया और धालभूमगढ़ में भी शिविर लगाए गए। आगामी दिनों में पोटका और डुमरिया में भी टीकाकरण शिविर आयोजित किए जाएंगे।

अभियान को सफल बनाने में प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक मयंक कुमार सिंह, लेखा प्रबंधक सुशील दीप, वंदना माईती, सुमित्रा मार्डी, कंप्यूटर ऑपरेटर सुशीला मार्डी, मनीषा कुमारी, सहिया साथी और स्वास्थ्य कर्मियों की सक्रिय भूमिका रही।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *