सरायकेला में उत्कल दिवस समारोह, कलाकारों को किया गया सम्मानित

उत्कल दिवस के अवसर पर सोमवार को सरायकेला नगर उत्सव की चमक से सराबोर रहा। नगर के विभिन्न हिस्सों में सुबह से ही सांस्कृतिक माहौल देखने को मिला। इस मौके पर नवनिर्वाचित नगर अध्यक्ष मनोज चौधरी, उपाध्यक्ष अविनाश कवि सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग कार्यक्रम में शामिल हुए।


दिन की शुरुआत नगर पाठागार परिसर से हुई, जहां अध्यक्ष मनोज चौधरी ने महान समाजसेवी एवं स्वतंत्रता सेनानी उत्कल मणि पंडित गोपाबंधु दास की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उनके आदर्शों, त्याग और समाज हित में किए गए उल्लेखनीय योगदान को याद करते हुए उपस्थित जनों ने उन्हें नमन किया।

इसके बाद छाऊ कला केंद्र में मुख्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि अनुमंडल पदाधिकारी (SDM) अभिनव प्रकाश पहुंचे, जिनका स्वागत नगर अध्यक्ष मनोज चौधरी द्वारा गुलदस्ता एवं अंगवस्त्र भेंट कर किया गया।
कार्यक्रम में प्रसिद्ध मुखोटा निर्माता सुशांत महापात्रा तथा वरिष्ठ छऊ कलाकारों को सम्मानित किया गया। उनके कला-योगदान की सराहना करते हुए नगर अध्यक्ष ने कहा कि पंडित गोपाबंधु दास के आदर्श आज भी समाज को दिशा दिखाते हैं और इन मूल्यों पर चलकर ही बेहतर समाज की स्थापना संभव है।

मुख्य अतिथि SDM अभिनव प्रकाश ने ओडिशा के स्थापना दिवस पर प्रकाश डालते हुए कहा कि “छऊ, सरायकेला की पहचान है।” उन्होंने इसके संरक्षण एवं संवर्धन के लिए सामूहिक प्रयास की आवश्यकता पर जोर दिया। उनके अनुसार, जब कला आगे बढ़ेगी तभी कलाकारों का भविष्य भी उज्ज्वल होगा।
समारोह में नगरवासियों का उत्साह देखने लायक था। कार्यक्रम के अंत में मौजूद लोगों ने एक-दूसरे को उत्कल दिवस की बधाई दी और सांस्कृतिक धरोहर को सुरक्षित रखने का संकल्प लिया।
प्रमुख उपस्थित लोग:
उपाध्यक्ष – अविनाश कवि
प्रसिद्ध मुखोटा निर्माता – सुशांत महापात्रा
वार्ड पार्षद – सुषमा टियू, विक्रम मोदक, शांति गोडसरा, अंजलि राय, गौतम नायक, उत्तम महती
राजकीय छऊ नृत्य कला केंद्र के कॉर्डिनेटर – सुदीप कवि
अन्य उपस्थित – भोला मोहंती, पंकज साहू, विजय साहू, तपन पट्टनायक

