Newsझारखण्डसरायकेला

आदित्यपुर में श्रीनाथ कॉलेज का तृतीय दीक्षांत समारोह सम्पन्न, सैकड़ों विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र

 

सरायकेला-खरसावां/आदित्यपुर।

श्रीनाथ कॉलेज ऑफ एजुकेशन, आदित्यपुर में शनिवार को महाविद्यालय का तृतीय दीक्षांत समारोह (थर्ड ग्रेजुएशन सेरेमनी) धूमधाम से आयोजित किया गया। इस अवसर पर सत्र 2019-21, 2020-22, 2021-23 एवं 2022-24 के विद्यार्थियों ने भाग लिया और उन्हें प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।

कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगीत, राष्ट्रगान एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि कोल्हान विश्वविद्यालय के सीवीसी डॉ. प्रभात कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि एक शिक्षक की सबसे बड़ी जिम्मेदारी विद्यार्थियों का कॉन्सेप्ट स्पष्ट करना और उन्हें एक अच्छा इंसान बनाना है। उन्होंने कहा कि कार्यस्थल की राजनीति से दूर रहकर ही अपने कर्तव्यों पर ध्यान केंद्रित किया जा सकता है। असफलता को अंतिम न मानते हुए निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा भी उन्होंने दी।

विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित कोल्हान विश्वविद्यालय के बॉटनी विभागाध्यक्ष डॉ. दारा सिंह गुप्ता ने कहा कि यह प्रमाण पत्र केवल कागज नहीं, बल्कि जीवनभर साथ रहने वाली उपलब्धि है। उन्होंने विद्यार्थियों से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को समाज तक पहुंचाने का आह्वान किया और एनएसएस में महाविद्यालय के योगदान की सराहना की।

कार्यक्रम में संस्था के अध्यक्ष सुखदेव महतो ने स्वागत भाषण देते हुए विद्यार्थियों को आदर्श शिक्षक बनने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की प्रेरणा दी। वहीं प्राचार्या डॉ. मौसुमी महतो ने महाविद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। इस दौरान अतिथियों द्वारा सोवेनियर का विमोचन भी किया गया।

समारोह के दौरान अकादमिक शोभायात्रा भी निकाली गई। सभी पूर्व विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। बीएड में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सत्र 2020-22 की पूजा कुमारी एवं सत्र 2021-23 के संदीप कुमार को स्वर्ण पदक एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में प्रबंधन की सदस्या श्रीमती अनिता महतो, महाविद्यालय के शिक्षकगण एवं शिक्षकेत्तर कर्मी उपस्थित रहे।

Share this news