JamshedpurNewsझारखण्डसरायकेला

श्रीनाथ कॉलेज ऑफ एजुकेशन में एलुमिनाई मीट 2026 का आयोजन, पुराने दिनों की यादें हुईं ताजा

 

 

जमशेदपुर, 26 सितंबर। श्रीनाथ कॉलेज ऑफ एजुकेशन में शनिवार को एलुमिनाई मीट 2026 (पूर्व छात्र मिलन समारोह) का आयोजन किया गया। समारोह का उद्देश्य पूर्व छात्रों को संस्थान से दोबारा जोड़ना और उनके शैक्षणिक अतीत एवं वर्तमान के बीच एक मजबूत सेतु स्थापित करना था।

 

कार्यक्रम का शुभारंभ श्रीनाथ विश्वविद्यालय के कुलाधिपति सुखदेव महतो, कुलसचिव डॉ. याह्या मजूमदार एवं श्रीनाथ कॉलेज ऑफ एजुकेशन की प्राचार्या डॉ. मौसुमी महतो ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद जूनियर छात्रों ने स्वागत नृत्य प्रस्तुत कर अतिथियों एवं पूर्व छात्रों का स्वागत किया।

 

इस अवसर पर कुलाधिपति सुखदेव महतो ने पूर्व छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनसे महाविद्यालय से जुड़े रहने और संस्थान के विकास में निरंतर सहयोग करने की अपील की। वहीं, प्राचार्या डॉ. मौसुमी महतो ने पूर्व छात्रों का स्वागत करते हुए कहा कि संस्थान की प्रगति में पूर्व छात्रों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने सभी से महाविद्यालय के विकास में अपना योगदान देने का आह्वान किया।

 

समारोह के दौरान पूर्व प्रशिक्षुओं ने महाविद्यालय में बिताए अपने शैक्षणिक दिनों और अनुभवों को साझा किया। इस दौरान पुराने साथियों से मिलकर पूर्व छात्रों में उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम का समापन सामूहिक फोटोग्राफी के साथ हुआ।

 

पूरे कार्यक्रम का समन्वय एलुमनी सेल की प्रभारी सहायक प्राध्यापक चंचला कुमारी महतो ने किया। मंच संचालन बीएड की छात्रा प्रिया ठाकुर एवं छात्र अमित कुमार राणा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन सहायक प्राध्यापक रेखा कुमारी गोप ने किया।

Share this news