मोहरदा आवास योजना के तहत 322 परिवारों को मिला नया घर, गृह प्रवेश से खिले चेहरे

जमशेदपुर में वर्षों से अपने पक्के घर का इंतजार कर रहे 322 परिवारों को शुक्रवार को बड़ी राहत मिली, जब प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत बिरसानगर स्थित मोहरदा आवासीय परिसर में उन्हें नये फ्लैटों की चाबी सौंपी गई। चाबी मिलते ही लाभुकों के चेहरों पर खुशी झलक उठी और पूरे परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।


गृह प्रवेश कार्यक्रम का शुभारंभ झारखंड सरकार के नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने ऑनलाइन माध्यम से किया। इस मौके पर लोकसभा सांसद विद्युत वरण महतो और विधायक पूर्णिमा साहू भी मौजूद रहे। दोनों जनप्रतिनिधियों ने लाभुकों के साथ पूजा-अर्चना कर नये आवासों में विधिवत गृह प्रवेश कराया और उन्हें शुभकामनाएं दीं।
मोहरदा आवासीय परियोजना के तहत कुल 644 फ्लैटों का निर्माण किया गया है। इनमें से 340 लाभुकों ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत राशि जमा कर आवंटन पूरा कर लिया था, जिसके बाद पहले चरण में उन्हें आवास की चाबी प्रदान की गई। शेष पात्र लाभुकों को आगे की औपचारिकताएं पूरी होने के बाद आवास आवंटित किए जाएंगे। अधिकारियों के अनुसार यह योजना निम्न एवं मध्यम आय वर्ग के परिवारों को किफायती दर पर पक्का घर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से तैयार की गई है।
यह परियोजना पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के कार्यकाल में शुरू की गई थी। निर्माण कार्य में कुछ प्रशासनिक और तकनीकी कारणों से देरी जरूर हुई, लेकिन अब परियोजना पूर्ण होने के बाद लाभुकों को इसका प्रत्यक्ष लाभ मिलने लगा है।
घर मिलने की खुशी में लाभुकों ने बताया कि वे लंबे समय से किराये के मकानों में जीवन यापन कर रहे थे और अपने खुद के घर का सपना देख रहे थे। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से अब उनका यह सपना पूरा हुआ है। कई परिवारों ने नये घर में प्रवेश से पहले पूजा-पाठ भी किया और इसे अपने जीवन का नया अध्याय बताया।
लाभुकों ने केंद्र सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर और मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी ऐसी योजनाओं के माध्यम से जरूरतमंद लोगों को सुरक्षित और पक्का आवास मिलता रहेगा।

