पोटका : हाता के पावरू में मुर्गा वाहन के खलासी की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत के बाद आक्रोशित ग्रामीणों एवं परिजनों द्वारा करीब 10 घंटे तक हाता-टाटा मुख्य मार्ग जाम किया गया था। सड़क जाम के कारण हजारों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा था। मामले में पोटका थाना प्रभारी सन्नी टोप्पो के बयान पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है।
पुलिस के अनुसार, सड़क जाम के दौरान पुलिस के साथ धक्का-मुक्की एवं दुर्व्यवहार करने का आरोप है। इस मामले में कुल 74 लोगों को आरोपी बनाया गया है, जिसमें 14 नामजद और 60 अज्ञात हैं। नामजद आरोपियों में भूमरी निवासी चंचल मंडल, तेंतला निवासी परमवीर सरदार व गिरोम सरदार, जालिम चाइलामा निवासी सोमेन मंडल, कोवाली थाना क्षेत्र के देवाशीष मंडल, सनत मंडल व मिलन मंडल, उरुघुटू निवासी प्रवीर मंडल, खोखरो निवासी अजय गोप व विप्लव मंडल, सिजुलाता निवासी दीपक गोप तथा राजनगर निवासी जयप्रकाश मंडल शामिल हैं। इसके अलावा दो मुर्गी पिकअप वाहन चालकों को भी नामजद किया गया है। पुलिस के मुताबिक घटना 30 अगस्त की है।