यूसीसी से कुड़मी समुदाय को बाहर रखने के फैसले का गौतम महतो ने किया स्वागत, मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी का जताया आभार

सरायकेला: झारखंड के कोल्हान क्षेत्र के युवा नेता गौतम महतो ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी द्वारा समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को लेकर की गई घोषणा का स्वागत किया है। जारी बयान में उन्होंने कहा कि जनजातीय समुदाय के साथ-साथ कुड़मी समुदाय को भी यूसीसी के दायरे से बाहर रखने का निर्णय ऐतिहासिक है और इससे कुड़मी समाज की परंपराओं, रीति-रिवाजों एवं सामाजिक पहचान को संरक्षण मिलेगा।
गौतम महतो ने मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय कुड़मी समाज की लंबे समय से चली आ रही भावनाओं और अपेक्षाओं का सम्मान है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस पहल से समाज के अधिकारों और सांस्कृतिक विरासत की रक्षा को मजबूती मिलेगी।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रति भी आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार समाजहित में सकारात्मक निर्णय ले रही है। साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार से कुड़माली भाषा को भारतीय संविधान की आठवीं अनुसूची में जल्द शामिल करने की मांग दोहराई।
गौतम महतो ने कहा कि यदि इसी प्रकार समाज के हितों से जुड़े मुद्दों पर संवेदनशीलता के साथ निर्णय लिए जाते रहे तो कुड़मी समाज का विश्वास और मजबूत होगा।


