JamshedpurNewsझारखण्ड

विश्व प्रकृति संरक्षण दिवस पर श्रीनाथ कॉलेज ऑफ़ एजुकेशन में ई-वेस्ट मैनेजमेंट पर जागरूकता सत्र आयोजित

आदित्यपुर, जमशेदपुर  28 जुलाई 2026

विश्व प्रकृति संरक्षण दिवस के अवसर पर श्रीनाथ कॉलेज ऑफ़ एजुकेशन के इको क्लब एवं रोटरैक्ट क्लब के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को कॉलेज के मल्टीपर्पस हॉल में “ई-वेस्ट मैनेजमेंट” (इलेक्ट्रॉनिक कचरा प्रबंधन) विषय पर एक जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों में इलेक्ट्रॉनिक कचरे के सुरक्षित एवं जिम्मेदार निपटान तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज की प्राचार्या डॉ. मौसुमी महतो द्वारा मुख्य वक्ता का स्वागत कर किया गया। इसके बाद इको क्लब एवं रोटरैक्ट क्लब की समन्वयक श्रीमती रेखा कुमारी गोप ने स्वागत भाषण देते हुए पर्यावरण संरक्षण में युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता ई-लॉजिक्स (ELogix) के सह-संस्थापक श्री अर्जुन सिंह गिल ने ई-वेस्ट मैनेजमेंट एवं पर्यावरणीय स्थिरता (सस्टेनेबिलिटी) पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इलेक्ट्रॉनिक कचरे का अनुचित तरीके से निपटान मिट्टी, जल और वायु को गंभीर रूप से प्रदूषित करता है, जिससे पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य दोनों प्रभावित होते हैं। उन्होंने ई-वेस्ट के सुरक्षित संग्रह, पुनर्चक्रण (रीसाइक्लिंग) तथा वैज्ञानिक तरीके से उसके निष्पादन की आवश्यकता पर बल देते हुए छात्रों से पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने और स्वच्छ एवं हरित भविष्य के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

सत्र के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और ई-वेस्ट प्रबंधन से जुड़े विभिन्न विषयों पर सवाल पूछे, जिनका मुख्य वक्ता ने विस्तार से उत्तर दिया। कार्यक्रम संवादात्मक एवं ज्ञानवर्धक रहा, जिससे छात्रों को ई-वेस्ट के बढ़ते खतरे और उसके प्रभावी समाधान की व्यावहारिक जानकारी प्राप्त हुई।

कार्यक्रम का सफल संचालन श्रीनाथ कॉलेज ऑफ़ एजुकेशन के रोटरैक्ट क्लब की अध्यक्ष एवं बी.एड. की छात्रा रोशनी कुमारी ने किया।

Share this news