26/11 के शहीदों को एसडीपी रक्तदान कर श्रद्धांजलि, कुमारेस हाजरा का 150वां रक्तदान पूरा
जमशेदपुर। मुंबई में 26 नवंबर 2008 को हुए आतंकी हमले में शहीद जवानों एवं निर्दोष नागरिकों को टीम पीएसएफ (प्रतीक संघर्ष फाउंडेशन) ने एसडीपी रक्तदान कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर चार लोगों ने एसडीपी रक्तदान किया। इसके साथ ही अभियान में कुल 1952 एसडीपी रक्तदान पूरे हो गए।

इस अवसर पर टीम पीएसएफ के सबसे युवा रक्तवीर कुमारेस हाजरा ने अपना 150वां रक्तदान पूरा कर उपलब्धि हासिल की। वहीं धीप्रम चंदा ने 25वां रक्तदान किया। डॉक्टर जीभीआरसी शर्मा एवं मनोतोष घोषाल ने भी रक्तदान किया।
पीएसएफ निदेशक अरिजीत सरकार ने कहा कि शहीदों के बलिदान को याद करने का सबसे सार्थक तरीका जरूरतमंदों की जान बचाना है। संस्था का एसडीपी रक्तदान अभियान निरंतर जारी रहेगा, ताकि प्लेटलेट्स की कमी से किसी मरीज की जान न जाए।
रक्तदान के बाद सभी रक्तवीरों को पुष्पगुच्छ, प्रशस्ति पत्र एवं प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया। मौके पर जमशेदपुर ब्लड सेंटर के जीएम संजय चौधरी, डॉ. रीता सिंह एवं टीम पीएसएफ के सदस्य उपस्थित थे।


