Newsझारखण्ड

संविधान दिवस पर मंझारी में फुटबॉल प्रतियोगिता का भव्य समापन, पेनाल्टी शूटआउट में सिंहभूम शेर बना चैंपियन

 

 

32 टीमों ने लिया हिस्सा, विजेता को 70 हजार और उपविजेता को 50 हजार रुपये का पुरस्कार; सांसद जोबा माझी ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह

 

मंझारी। संविधान दिवस के अवसर पर पश्चिमी सिंहभूम जिले के मंझारी प्रखंड स्थित झारखंड बंधु जलधर में आयोजित तीन दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का गुरुवार को भव्य समापन हुआ। फाइनल मुकाबले में रोमांच की सारी हदें पार हो गईं। पेनाल्टी शूटआउट में शानदार प्रदर्शन करते हुए सिंहभूम शेर की टीम ने टीचर्स इलेवन मंझारी को हराकर खिताब अपने नाम कर लिया।

 

प्रतियोगिता में कुल 32 टीमों ने हिस्सा लिया। समापन सह पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सिंहभूम की सांसद जोबा माझी शामिल हुईं। फाइनल मुकाबले से पहले उन्होंने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और फुटबॉल को किक मारकर मैच का विधिवत शुभारंभ किया।

 

खिताबी मुकाबले में टीचर्स इलेवन मंझारी ने पहले हाफ में गोल कर बढ़त बना ली। हालांकि, दूसरे हाफ में सिंहभूम शेर ने शानदार वापसी करते हुए गोल दागकर मुकाबले को 1-1 की बराबरी पर ला दिया। निर्धारित समय तक दोनों टीमें बराबरी पर रहीं। इसके बाद पेनाल्टी शूटआउट में सिंहभूम शेर ने बाजी मारते हुए चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

 

वहीं, प्रतियोगिता के मध्यांतर में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम ने भी दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। हो फिल्म जगत की कलाकार दीपिका देवगम, चौधरी मुंडा और बोदरा क्वीन की नृत्य प्रस्तुतियां आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहीं। कलाकारों की प्रस्तुति पर दर्शकों ने जमकर उत्साह दिखाया।

 

इस अवसर पर सांसद जोबा माझी ने खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं है, बल्कि यह अनुशासन, एकता, संघर्ष और टीम भावना का प्रतीक है। फुटबॉल जैसे खेल युवाओं को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाने के साथ जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।

 

उन्होंने कहा कि हार और जीत खेल का हिस्सा है, लेकिन पूरी मेहनत और ईमानदारी के साथ मैदान में उतरना ही खिलाड़ी की सबसे बड़ी पहचान है। हारने वाले खिलाड़ियों को निराश होने के बजाय उससे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए। ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत सिर्फ उन्हें उचित मंच और प्रोत्साहन देने की है। उन्होंने युवाओं से पढ़ाई के साथ खेलकूद में भी सक्रिय भागीदारी निभाने और नशे जैसी बुराइयों से दूर रहने की अपील की।

 

समापन समारोह में विजेता टीम सिंहभूम शेर को 70 हजार रुपये तथा उपविजेता टीचर्स इलेवन मंझारी को 50 हजार रुपये की पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया।

 

कार्यक्रम में मंझारी प्रखंड प्रमुख सुशीला बारी, जिला परिषद सदस्य शशिभूषण पिंगुवा, चंद्रमोहन बिरुवा, शिवशंकर कांडेयांग, शेखर बारिक, कृष्णा चंद्र संवैया, जितेंद्र पुरती, विशाल संवैया, अमिएल पुरती, ज्ञानेंद्र पान, रंजीत संवैया, रमेश कुंकल सहित बड़ी संख्या में खेलप्रेमी एवं स्थानीय ग्रा

मीण उपस्थित थे।

Share this news