कुष्ठ रोग उन्मूलन को लेकर दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित
जमशेदपुर: सिविल सर्जन कार्यालय, पूर्वी सिंहभूम जमशेदपुर में 23 जुलाई 2025 को डेमियन फाउंडेशन इंडिया ट्रस्ट के सौजन्य से चिकित्सा पदाधिकारियों एवं कुष्ठ कर्मियों के लिए दो दिवसीय कुष्ठ रोग प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल के निर्देशानुसार आयोजित किया गया।


इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने कहा कि “कुष्ठ रोग के उन्मूलन के लिए हम सभी को धरातल पर ईमानदारी और निष्ठा से कार्य करना होगा।” उन्होंने सभी चिकित्सा कर्मियों को जागरूकता और इलाज के प्रति सक्रिय रहने का आह्वान किया।
प्रशिक्षण के पहले दिन डेमियन फाउंडेशन, चेन्नई के कार्यक्रम पदाधिकारी श्री सोमशेखर रेड्डी और राज्य समन्वयक डॉ. गौतम कुमार ने कुष्ठ रोग के लक्षण, प्रकार, उपचार, दिव्यांगता रोकथाम और चिकित्सीय पुनर्वास की विस्तृत जानकारी दी।
इस दौरान जिला कुष्ठ निवारण पदाधिकारी डॉ. मृत्युंजय धाउड़िया ने बताया कि “कुष्ठ रोग की शीघ्र पहचान और इलाज से दिव्यांगता को रोका जा सकता है। एमडीटी दवाएं सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर निःशुल्क उपलब्ध हैं।”

वहीं, जिला कुष्ठ परामर्शी डॉ. राजीव लोचन महतो ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक कुल 94 नए कुष्ठ रोगियों की पहचान की गई है, जिन्हें नि:शुल्क एमडीटी दवा उपलब्ध कराई गई है। साथ ही, Food Supplements for Patients योजना के तहत प्रत्येक पीबी (PB) मरीज को ₹3000 और एमबी (MB) मरीज को ₹6000 की राशि सीधे उनके बैंक खातों में ट्रांसफर की जा रही है।
प्रशिक्षण में श्री रेड्डी ने रिएक्शन मैनेजमेंट, रिकंस्ट्रक्टिव सर्जरी, सेल्फ केयर और सेकेंडरी लेवल रिफरल सेंटर की भूमिका पर भी विस्तार से चर्चा की।
कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया, जिसे डॉ. राजीव लोचन महतो ने प्रस्तुत किया। प्रशिक्षण को सफल बनाने में डेमियन फाउंडेशन के दुर्योधन बागती, कामदेव बेसरा, संजय चटर्जी और नितेश कुमार का विशेष योगदान रहा।

