मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विधायक ममता देवी के ससुर स्वर्गीय सरयू महतो को दी श्रद्धांजलि
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शुक्रवार को रामगढ़ जिले के दुलमी प्रखंड स्थित होहद गांव पहुंचे, जहां उन्होंने विधायक ममता देवी और उनके परिजनों से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने ममता देवी के ससुर स्वर्गीय सरयू महतो के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया और उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देते हुए कहा कि सरयू महतो एक सामाजिक रूप से सक्रिय और सम्मानित व्यक्ति थे, जिनका जीवन समाजसेवा के लिए समर्पित रहा।


इस अवसर पर झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो भी मौजूद रहे। उन्होंने भी स्वर्गीय सरयू महतो को श्रद्धांजलि अर्पित की और परिवार के सदस्यों को ढांढस बंधाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि दुःख की इस घड़ी में राज्य सरकार ममता देवी और उनके परिवार के साथ खड़ी है।
गौरतलब है कि सरयू महतो का निधन 20 अक्तूबर को हुआ था। वे अपने पीछे पत्नी, तीन पुत्र, एक पुत्री और दो पुत्रवधुएँ छोड़ गए हैं। श्रद्धांजलि सभा में स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और आसपास के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। पूरा माहौल श्रद्धा और संवेदना से भरा हुआ था।

