हरेलाल का रिपोर्ट कार्ड लेकर दिल्ली पहुंचे, आदित्य, नितिन नवीन से की मुलाकात
ईचागढ़ : ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के भादुडीह में रविवार को हरेलाल महतो के भाजपा में शामिल होने के बाद झारखंड की सियासत में नई हलचल शुरू हो गई है। हजारों समर्थकों के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर हरेलाल महतो ने अपनी राजनीतिक ताकत का प्रदर्शन किया। मिलन समारोह में उमड़ी भारी भीड़ से भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू भी खासे उत्साहित नजर आए। उन्होंने मीडिया के सामने अपने बयान में भी बार-बार कार्यक्रम में जुटी भीड़ का जिक्र किया।

राजनीतिक जानकारों के नजरिये से देखें तो भादुडीह का यह कार्यक्रम हरेलाल महतो के लिए भाजपा में अपनी ताकत दिखाने का लिटमस टेस्ट साबित हुआ। कार्यक्रम में समर्थकों की भारी मौजूदगी ने पार्टी के भीतर उनकी राजनीतिक उपयोगिता को लेकर चर्चा तेज कर दी है। इसी बीच कार्यक्रम संपन्न होने के बाद प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू सोमवार सुबह दिल्ली रवाना हो गए। दिल्ली में उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की।
सूत्रों के अनुसार, इस मुलाकात के दौरान आदित्य साहू ने हरेलाल महतो की राजनीतिक ताकत और भादुडीह के सदस्यता ग्रहण समारोह में उमड़ी भीड़ का पूरा ब्योरा राष्ट्रीय नेतृत्व के सामने रखा। हालांकि, हरेलाल महतो को संगठन में नई जिम्मेदारी देने को लेकर पार्टी की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
*कुड़मी-महतो चेहरे को आगे करने की रणनीति*
हरेलाल महतो के भाजपा में आने के बाद अब सबकी निगाहें पार्टी की भावी रणनीति पर टिकी हैं। माना जा रहा है कि भाजपा कोल्हान में हरेलाल महतो के रूप में एक प्रभावशाली कुड़मी-महतो चेहरा मिलने की संभावनाओं को भुनाना चाहेगी। यदि पार्टी उन्हें संगठन में बड़ी जिम्मेदारी देती है, तो इसका असर क्षेत्रीय राजनीतिक समीकरणों पर भी पड़ सकता है।
ईचागढ़ में अपनी पकड़ मजबूत दिखाने के बाद हरेलाल महतो कोल्हान में भाजपा की रणनीति का अहम हिस्सा बन सकते हैं। इस घटनाक्रम को आजसू प्रमुख सुदेश महतो और झारखंड की राजनीति में उभरते कुड़मी-महतो नेता जयराम महतो के प्रभाव के बीच भाजपा की अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने की कोशिश के रूप में भी देखा जा रहा है।
*अब सिल्लि विधानसभा पर भाजपा की नजर!*
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि भाजपा अब रांची जिले की सिल्लि विधानसभा सीट पर भी अपनी रणनीति को धार देने की तैयारी में है। सूत्रों के मुताबिक, यहां एक क्षेत्रीय दल से जुड़े कुड़मी-महतो चेहरे के भाजपा में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, इस संभावित राजनीतिक बदलाव को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
अगर यह राजनीतिक समीकरण आकार लेता है, तो भाजपा झारखंड में कुड़मी-महतो समाज के प्रभाव वाले क्षेत्रों में अपने संगठन को मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ सकती है।
फिलहाल, भादुडीह में हरेलाल महतो के शक्ति प्रदर्शन के बाद दिल्ली में हुई मुलाकात के संभावित नतीजों और भाजपा के अगले कदम पर सबकी निगाहें टिकी हैं।

दीपक महतो – संस्थापक, छोटानागपुर लाइव
दीपक कुमार महतो पिछले 8 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्हें प्रिंट मीडिया और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में काम करने का व्यापक अनुभव है। अपने पत्रकारिता करियर के दौरान उन्होंने न्यूज़ 11 सहित कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों और समाचार पत्रों में काम किया है।
वर्तमान में वे छोटानागपुर लाइव (Chhotanagpur Live) के संस्थापक हैं। इसके माध्यम से वे झारखंड की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों और क्षेत्रीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हैं। उनका उद्देश्य निष्पक्ष, तथ्यपरक और विश्वसनीय समाचारों के माध्यम से आम जनता की आवाज को जन-जन तक पहुंचाना है।
वर्तमान पद: संस्थापक, छोटानागपुर लाइव (Chhotanagpur Live)
अनुभव: 8 वर्ष | प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनि
क मीडिया


