Wednesday, April 29, 2026
JamshedpurNewsझारखण्ड

जमशेदपुर में 14-15 मार्च को मिथिला सांस्कृतिक परिषद का द्वि-दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव

 

 

जमशेदपुर: मिथिला समाज की अग्रणी संस्था मिथिला सांस्कृतिक परिषद द्वारा शहर के गोपाल मैदान में 14 एवं 15 मार्च को द्वि-दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में जमशेदपुर के हजारों मिथिला परिवार भाग लेंगे। आयोजन का उद्देश्य मैथिली परंपरा, संस्कृति, लोकगीत, नृत्य, भाषा और साहित्य के संरक्षण एवं संवर्धन को बढ़ावा देना है, ताकि आने वाली पीढ़ी अपनी संस्कृति और विरासत को पहचान सके।

 

कार्यक्रम के दौरान मिथिला के महान कवि-लेखकों जैसे विद्यापति, लाल दास, हरिमोहन झा, गोविंद दास, ज्योतिष्वर ठाकुर और सुभाष चंद्र यादव सहित अन्य साहित्यकारों की पुस्तकों का स्टॉल लगाया जाएगा, जिससे मैथिली भाषा और साहित्य को बढ़ावा मिल सके। साथ ही मिथिला के पारंपरिक व्यंजन और खान-पान के लिए आनंद मेला भी लगाया जाएगा, जिसमें लोग विभिन्न पकवानों का आनंद ले सकेंगे।

 

मिथिलांचल की पहचान माने जाने वाले हस्तशिल्प और मिथिला पेंटिंग के स्टॉल भी लगाए जाएंगे। इनमें रेशम से बनी वस्तुएं, पेंटिंग युक्त वस्त्र, पाग, शॉल, साड़ी, धोती और गमछा आदि उपलब्ध रहेंगे। इसके अलावा समाज के विभिन्न क्षेत्रों में सफलता प्राप्त करने वाले लोगों को मंच से “मिथिला गौरव सम्मान” से सम्मानित किया जाएगा।

 

सांस्कृतिक कार्यक्रम में देवी-भक्ति से जुड़े नृत्य और वंदना प्रस्तुत किए जाएंगे। कार्यक्रम को आकर्षक बनाने के लिए मिथिला के प्रसिद्ध गायक-गायिका जैसे कुंज बिहारी मिश्रा, विकास झा और जूली झा सहित शहर के कलाकारों द्वारा भी प्रस्तुति दी जाएगी।

 

कार्यक्रम में जमशेदपुर के सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और मीडिया प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है। आयोजन की तैयारी पिछले दो महीनों से परिषद के पदाधिकारियों और सदस्यों द्वारा की जा रही है। कार्यक्रम में आने वाले लोगों की सुविधा के लिए शहर के विभिन्न इलाकों से बस की व्यवस्था भी की गई है।

 

इस संबंध में आयोजित प्रेस वार्ता में परिषद के पदाधिकारियों ने बताया कि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया है और व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *