चाईबासा दौरे पर पहुंचे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो उर्फ कमलेश, पूर्व जिला उपाध्यक्ष ने थामा पार्टी का दामन
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश एवं पूर्व राज्यसभा सांसद प्रदीप कुमार बालमुचू की उपस्थिति में सरायकेला खरसावां के पूर्व जिला उपाध्यक्ष विकास बानरा ने झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) छोड़कर कांग्रेस पार्टी में घर वापसी की. इस दौरान चाईबासा परिसदन में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई और संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया. इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि कांग्रेस पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक विचारधारा है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और जनहित के मुद्दों को उठाने का आह्वान किया.



कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता विकास बानरा ने कांग्रेस का दामन थामते हुए कहा कि वे पार्टी की नीतियों और विचारधारा से प्रभावित होकर पुनः कांग्रेस परिवार से जुड़े हैं,और संगठन को मजबूत करने के लिए सक्रिय रूप से कार्य करेंगे. मौके पर खूंटपानी प्रखंड अध्यक्ष सह सांसद प्रतिनिधि सकरी दोंगो, प्रखंड महासचिव गोपी बोदरा, वरिष्ठ नेता जगबंधु महतो, खरसावां प्रखंड के मंडल अध्यक्ष हरि महतो, प्रखंड उपाध्यक्ष तनुज कुमार प्रधान समेत पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे.

