सरायकेला: झामुमो युवा नेता सन्नी सिंह की माता अमृत कौर का निधन, क्षेत्र में शोक की लहर
सरायकेला। झामुमो युवा नेता सन्नी सिंह की माता अमृत कौर (56 वर्ष) का रविवार सुबह रांची स्थित रिम्स में इलाज के दौरान निधन हो गया। उनके निधन की खबर से परिवार सहित राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, अमृत कौर पिछले काफी समय से अस्वस्थ थीं। कुछ दिनों पहले ब्रेन स्ट्रोक आने के बाद उन्हें इलाज के लिए जमशेदपुर के टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया था। वहां से बेहतर इलाज के लिए उन्हें रांची स्थित रिम्स रेफर किया गया था। परिजनों के अनुसार, इलाज के दौरान उनकी स्थिति में कुछ सुधार भी देखने को मिल रहा था, लेकिन रविवार सुबह अचानक उन्होंने अंतिम सांस ली।
अमृत कौर अपने पीछे पति, पुत्र, पुत्री समेत भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं। पारिवारिक जानकारी के मुताबिक, रविवार शाम उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
उनके निधन की सूचना मिलने के बाद झामुमो कार्यकर्ताओं, राजनीतिक एवं सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों और शुभचिंतकों ने गहरा दुख जताया है। लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में धैर्य और संबल प्रदान करने की कामना की है।


