सतपथी होटल की मालकिन शान्तिलता सतपथी का निधन, आदित्यपुर में शोक की लहर

आदित्यपुर:


शहर के प्रतिष्ठित सतपथी होटल की मालकिन स्वर्गीय शान्तिलता सतपथी का आज सुबह लगभग 6 बजे निधन हो गया। वे पिछले कई दिनों से अस्वस्थ चल रही थीं और लगातार इलाजरत थीं। बीते कुछ दिनों में उनकी स्थिति अत्यंत गंभीर हो गई थी, जिसके बाद उन्होंने अंतिम सांस ली।
उनके निधन की खबर मिलते ही आदित्यपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई। सतपथी परिवार के आवास पर शोक व्यक्त करने वालों का तांता लगा हुआ है। स्थानीय लोग, समाजसेवी एवं व्यावसायिक वर्ग के लोग बड़ी संख्या में पहुंचकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना कर रहे हैं और परिजनों को ढांढस बंधा रहे हैं।
स्व. शान्तिलता सतपथी अपने सरल, मिलनसार एवं सेवा भाव के लिए जानी जाती थीं। उन्होंने अपने परिवार और व्यवसाय को समर्पित भाव से संभाला और समाज में एक विशेष पहचान बनाई। उनके निधन से न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे स्थानीय समाज को अपूरणीय क्षति हुई है।
इस दुखद अवसर पर स्थानीय मेयर संजय सरदार एवं विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष डॉ. जे. एन. दास ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं।
स्व. शान्तिलता सतपथी अपने पीछे तीन पुत्र एवं एक पुत्री सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं।
उनका अंतिम संस्कार आज शाम 5 बजे पार्वती घाट में पूरे विधि-विधान के साथ किया जाएगा।

