कुकड़ू प्रखंड के गृह रक्षक नामांकन परीक्षा का औपबंधिक अंक पत्र वेबसाइट पर अपलोड

सरायकेला। झारखंड गृह रक्षा वाहिनी में गृह रक्षक नव नामांकन की प्रक्रिया के तहत कुकड़ू प्रखंड के लिए आयोजित शारीरिक दक्षता जांच-सह-हिंदी लेखन क्षमता परीक्षा का औपबंधिक अंक पत्र जिला प्रशासन की ओर से सार्वजनिक कर दिया गया है। यह सूची जिला की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड की जा रही है।


प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार कुकड़ू प्रखंड में गृह रक्षक के कुल 15 रिक्त पदों के लिए नामांकन होना है, जिसमें पुरुषों के 7 और महिलाओं के 8 पद शामिल हैं। विज्ञापन संख्या 01/2025 के आलोक में 17 मार्च 2026 को बिरसा मुंडा स्टेडियम, सरायकेला में शारीरिक दक्षता जांच-सह-हिंदी लेखन क्षमता परीक्षा आयोजित की गई थी।
परीक्षा के क्रम में दौड़ में सफल अभ्यर्थियों ने अगले चरण में ऊंची कूद, लंबी कूद, शॉट पुट और हिंदी लेखन परीक्षा में भाग लिया। इन सभी चरणों में प्रदर्शन के आधार पर प्राप्त अंकों के अनुसार उत्तीर्ण और अनुत्तीर्ण अभ्यर्थियों का औपबंधिक अंक पत्र तैयार किया गया है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि औपबंधिक अंक पत्र केवल अभ्यर्थियों की जानकारी के उद्देश्य से पब्लिक डोमेन में अपलोड किया जा रहा है। इसे किसी भी रूप में अंतिम मेधा सूची नहीं माना जाए। अंतिम मेधा सूची गृह रक्षक नव नामांकन परीक्षा की संपूर्ण प्रक्रिया समाप्त होने के बाद सभी प्रखंडों और श्रेणियों के लिए एक साथ प्रकाशित की जाएगी।


