Newsझारखण्ड

टोंटो थाना पुलिस को हत्या मामले में बड़ी सफलता, एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार

 

चाईबासा/टोंटो : पश्चिमी सिंहभूम जिले के टोंटो थाना क्षेत्र अंतर्गत चालनी गांव में हुई युवक की हत्या मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि दूसरा आरोपी अब भी फरार बताया जा रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार, 2 मार्च 2026 की सुबह करीब 8 बजे टोंटो थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि चालनी गांव में सरसों के खेत में एक युवक का शव पड़ा हुआ है। शव की पहचान श्रीधर बोरी के रूप में हुई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस हत्याकांड में शामिल लक्ष्मण हेंस्सा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मृतक श्रीधर बोरी और आरोपी गणेश पुर्ती एक दिन पहले साथ में हड़िया पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी और गाली-गलौज शुरू हो गई।

जांच में सामने आया कि विवाद बढ़ने के बाद गणेश पुर्ती ने जलावन की लकड़ी से श्रीधर बोरी के सिर पर वार कर दिया। वहीं, लक्ष्मण हेंस्सा ने भी श्रीधर बोरी पर हमला किया। घटना के बाद शव को सरसों के खेत में फेंक दिया गया था।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी लक्ष्मण हेंस्सा की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त खून लगा जलावन का लकड़ी और मृतक का खून लगा जैकेट भी बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि फरार आरोपी गणेश पुर्ती की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान लक्ष्मण हेंस्सा, उम्र करीब 24 वर्ष, ग्राम चालनी, थाना टोंटो, जिला पश्चिमी सिंहभूम के रूप में हुई है। वहीं फरार आरोपी का नाम गणेश पुर्ती बताया गया है।

इस पूरे मामले में टोंटो थाना पुलिस की त्वरित कार्रवाई से हत्याकांड का खुलासा हो गया है और फरार आरोपी की तलाश जारी है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *