हजारीबाग में रामनवमी जुलूस के दौरान बड़ा हादसा, मुखिया के भाई की हत्या – कई इलाकों में तनाव

रामनवमी के अवसर पर जहां हजारीबाग का माहौल उत्साह और धार्मिक रंगों से भरा हुआ था, वहीं कुछ स्थानों पर हुई मारपीट ने खुशी के माहौल को तनाव में बदल दिया। जिले में अलग-अलग जगहों पर जुलूस के दौरान हुए विवाद में एक व्यक्ति की मौत हो गई और एक युवक गंभीर रूप से घायल है।


सबसे बड़ा मामला कटकमसांडी प्रखंड के गदोखर गांव से सामने आया। शुक्रवार देर शाम निकले जुलूस के दौरान किसी बात को लेकर दो पक्षों में कहासुनी हुई, जो धीरे-धीरे हिंसा में बदल गई। इस झड़प में गदोखर पंचायत के मुखिया के भाई राम कुमार साव (40) पर तेजधार हथियार से हमला किया गया। घायल अवस्था में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें बचा नहीं सके। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और अशांति का माहौल है।
उधर, हजारीबाग शहर के दीपूगढ़ा और आसपास के इलाकों में भी मारपीट की घटनाएं दर्ज की गईं। जुलूस के दौरान एक युवक के सीने में चाकू से वार किया गया। उसकी स्थिति गंभीर होने पर उसे हजारीबाग मेडिकल कॉलेज में प्राथमिक उपचार के बाद रिम्स, रांची भेजा गया है।
घटनाओं की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया। कटकमसांडी के देवरात्रि अस्पताल में सीओ अनिल कुमार गुप्ता, पेलावल थाना प्रभारी वेदप्रकाश पांडेय और कोर्रा के थाना प्रभारी अजीत कुमार दल-बल के साथ पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट कहा है कि घटना में शामिल सभी लोगों की पहचान की जा रही है और किसी भी आरोपी को छोड़ा नहीं जाएगा। सुरक्षा को लेकर इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और हालात पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

