खरसावां थाना क्षेत्र में अवैध शराब पर बड़ी कार्रवाई, चार चुलाई अड्डे ध्वस्त, भारी मात्रा में जावा महुआ बरामद

सरायकेला-खरसावां। जिला प्रशासन के निर्देश पर उत्पाद विभाग द्वारा खरसावां थाना क्षेत्र में अवैध शराब के विरुद्ध सख्त अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत ग्राम पुनीदा एवं गांगुडीह क्षेत्र में छापामारी कर अवैध शराब निर्माण के चार अड्डों को ध्वस्त किया गया।


छापामारी के दौरान लगभग 1200 किलोग्राम जावा महुआ बरामद किया गया, जिसे मौके पर ही जब्त कर आगे की कार्रवाई प्रारंभ की गई। संबंधित अड्डा संचालकों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है।
यह कार्रवाई उपायुक्त सरायकेला-खरसावां के निर्देश पर उत्पाद अधीक्षक के नेतृत्व में की गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
अधिकारियों ने कहा कि ऐसे अवैध कार्यों पर किसी भी स्थिति में नरमी नहीं बरती जाएगी और दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

