Newsझारखण्ड

चाईबासा से रांची तक ‘न्याय पद यात्रा’ शुरू, 1 मई को सीएम आवास पहुंचने का लक्ष्य

चाईबासा: कोल्हान क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को लेकर चाईबासा शहर में नो-एंट्री नियम लागू करने की मांग के समर्थन में रविवार से ‘न्याय पद यात्रा’ की शुरुआत की गई। यह यात्रा तांबो चौक से प्रारंभ हुई, जिसका नेतृत्व आंदोलन समिति के संयोजक रमेश बालमुचू कर रहे हैं। पदयात्रा का लक्ष्य 1 मई तक रांची स्थित मुख्यमंत्री आवास पहुंचकर अपनी मांगों को सरकार तक पहुंचाना है।

इस पद यात्रा में सैकड़ों ग्रामीणों के साथ विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। यात्रा के दौरान रास्ते में भी लोगों के जुड़ने की संभावना जताई जा रही है। खास बात यह रही कि भीषण गर्मी के बावजूद बड़ी संख्या में महिलाएं अपने बच्चों को गोद में लेकर इस आंदोलन में शामिल हुईं। सभी प्रतिभागी तिरंगा झंडा और मांगों से संबंधित तख्तियां लेकर चल रहे हैं।

यात्रा के दौरान स्थानीय विधायक सह राज्य के परिवहन मंत्री दीपक बिरुआ, जिला प्रशासन और उद्योग जगत के खिलाफ नारेबाजी भी की गई। आंदोलनकारियों का आरोप है कि उनकी मांगों पर अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है।

Share this news