Newsझारखण्ड

जाहेरथान की भूमि से हटाया गया अवैध कब्जा, प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर निर्माणाधीन मकान कराया ध्वस्त

 

 

 

नीमडीह: सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत पारगामा गांव स्थित आदिवासी समाज के आस्था केंद्र एवं प्राचीन जाहेरथान की भूमि पर किए जा रहे कथित अवैध अतिक्रमण को शुक्रवार को प्रशासन ने हटवा दिया।अंचलाधिकारी सह दंडाधिकारी अभय द्विवेदी के नेतृत्व में बुलडोजर चलाकर निर्माणाधीन मकान को ध्वस्त कर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।

 

जानकारी के अनुसार, जाहेरथान की भूमि पर अवैध रूप से मकान निर्माण किया जा रहा था। ग्रामीणों ने इसका लगातार विरोध करते हुए कई बार संबंधित लोगों को निर्माण कार्य रोकने की चेतावनी दी,लेकिन निर्माण कार्य जारी रहने का आरोप है। इसके बाद ग्रामीणों ने प्रशासन को लिखित आवेदन देकर धार्मिक स्थल की भूमि से अतिक्रमण हटाने की मांग की थी।शिकायत के आधार पर प्रशासन ने मामले की जांच के बाद कार्रवाई करते हुए पुलिस बल की मौजूदगी में बुलडोजर चलाकर निर्माणाधीन ढांचे को हटाया।

 

कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।जाहेरथान की भूमि अतिक्रमण मुक्त होने के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन की कार्रवाई का स्वागत करते हुए अंचल प्रशासन और पुलिस का आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने कहा कि जाहेरथान आदिवासी समाज की आस्था और परंपरा का महत्वपूर्ण स्थल है, जिसकी सुरक्षा और संरक्षण आवश्यक है

Share this news