जेपीएससी परीक्षा में अनियमितता पर जेएलकेएम ने जताया आक्रोश, उच्च स्तरीय जांच की मांग

झारखंड पात्रता परीक्षा-2024 के आयोजन के दौरान सामने आई कथित अनियमितताओं को लेकर जेएलकेएम ने कड़ा विरोध दर्ज कराया है। पार्टी ने इसे जेपीएससी की गंभीर प्रशासनिक विफलता बताते हुए मुख्यमंत्री से तत्काल हस्तक्षेप और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।



जानकारी के अनुसार, 26 अप्रैल 2026 को आयोजित परीक्षा के दौरान कई केंद्रों पर प्रश्न पत्र उपलब्ध नहीं होने, कुछ स्थानों पर प्रश्न पत्र अपठनीय होने तथा बायोमैट्रिक उपस्थिति दर्ज नहीं होने जैसी शिकायतें सामने आई हैं। इन घटनाओं को लेकर अभ्यर्थियों में भी असंतोष देखा गया।
जेएलकेएम नेता देवेन्द्र नाथ महतो ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर कहा है कि इस प्रकार की लापरवाही हजारों अभ्यर्थियों के भविष्य के साथ सीधा खिलवाड़ है और यह परीक्षा प्रक्रिया की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
पार्टी ने पूरे मामले की उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच कराने, दोषी अधिकारियों एवं एजेंसियों पर कार्रवाई करने, प्रभावित केंद्रों पर परीक्षा पुनः कराने तथा अभ्यर्थियों को हुए मानसिक एवं आर्थिक नुकसान का उचित मुआवजा देने की मांग की है।

