गोलगप्पा खाने से फैली फूड प्वाइजनिंग, विधायक कल्पना सोरेन ने अस्पताल पहुंचकर मरीजों का जाना हाल

गिरिडीह:



जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत बजटो गांव में गोलगप्पा खाने से फैले फूड प्वाइजनिंग के मामले ने गंभीर रूप ले लिया है। इस घटना के बाद मंगलवार को गांडेय विधानसभा क्षेत्र की विधायक कल्पना सोरेन सदर अस्पताल पहुंचीं और इलाजरत बच्चों व अन्य मरीजों का हालचाल जाना।
अस्पताल में विधायक ने भर्ती बच्चों से मुलाकात कर उनकी सेहत की जानकारी ली और उपस्थित चिकित्सकों से इलाज की स्थिति के बारे में पूछताछ की। उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए भरोसा दिलाया कि सभी मरीजों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही अस्पताल प्रबंधन को सख्त निर्देश दिया कि इलाज में किसी प्रकार की लापरवाही न हो।
जानकारी के अनुसार, गांव में ठेले पर बिक रहे गोलगप्पा और चाट खाने के बाद दर्जनों बच्चे अचानक बीमार पड़ गए। बच्चों को उल्टी, दस्त और पेट दर्द की शिकायत के बाद आनन-फानन में सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस दौरान एक मासूम की मौत भी हो गई, जिससे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
घटना के बाद जिला प्रशासन भी सक्रिय हो गया है और पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। प्रारंभिक तौर पर इसे फूड प्वाइजनिंग का मामला माना जा रहा है।

