Newsझारखण्ड

ग्रामीणों की सहमति से ही बनेगी सड़क: बोड़दा में सांसद जोबा माझी ने किया निरीक्षण

चक्रधरपुर: पथ निर्माण विभाग द्वारा एनएच-75ई उलीडीह-चैनपुर-सहजोड़ा-महुलपानी-चारमोड़ सड़क निर्माण को लेकर उठ रहे विवाद के बीच मंगलवार को सांसद जोबा माझी बोड़दा गांव पहुंचीं और ग्रामीणों से सीधा संवाद किया।

ग्रामीणों ने सांसद को बताया कि सड़क चौड़ीकरण के कारण कई रैयतों की जमीन प्रभावित हो रही है, जिससे बेघर होने का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों ने मांग रखी कि सड़क की चौड़ाई 18 फीट तक सीमित रखी जाए और गांव के अंदर पीसीसी सड़क के बजाय पिच सड़क के साथ जल निकासी के लिए नाली का निर्माण किया जाए।

ग्रामीणों की समस्याओं को सुनने के बाद सांसद जोबा माझी ने भरोसा दिलाया कि सड़क निर्माण कार्य ग्रामीणों की इच्छा के अनुरूप ही कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसी भी कीमत पर ग्रामीणों की सहमति के बिना कार्य नहीं होगा और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि विकास कार्य के साथ किसी का घर या जमीन अनावश्यक रूप से प्रभावित न हो।

सांसद ने यह भी कहा कि इस मामले को आगामी जिला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति (दिशा) की बैठक में उठाया जाएगा, ताकि संबंधित अधिकारियों के समक्ष ग्रामीणों की मांगों को रखा जा सके।

इस दौरान सांसद ने मौके पर चल रहे सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण भी किया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। मौके पर चैनपुर पंचायत के मुखिया साहेब हेम्ब्रम, ग्राम मुंडा बसंत कुमार महतो सहित कई ग्रामीण रैयत उपस्थित रहे।

Share this news