सरायकेला-खरसावां में जनगणना 2027 को लेकर स्व-गणना अभियान तेज, उपायुक्त ने खुद किया पंजीकरण

सरायकेला-खरसावां : आगामी भारत जनगणना 2027 को सफल, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से जिले में स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) अभियान को गति दी जा रही है। इसी कड़ी में मंगलवार को उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने अपने आवासीय कार्यालय से ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से स्वयं स्व-गणना पंजीकरण कर जिलेवासियों से भी अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।



उपायुक्त ने कहा कि स्व-गणना प्रक्रिया के जरिए नागरिक स्वयं अपने परिवार की सही और अद्यतन जानकारी दर्ज कर सकते हैं। इससे जनगणना के आंकड़े अधिक सटीक, विश्वसनीय और त्रुटिरहित होंगे। उन्होंने बताया कि सही आंकड़े भविष्य में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन में अहम भूमिका निभाएंगे।
उन्होंने जिलेवासियों से निर्धारित अवधि के भीतर se.census.gov.in पोर्टल पर जाकर अपनी जानकारी दर्ज करने की अपील की। उपायुक्त ने कहा, “हमने अपनी जिम्मेदारी निभाई, अब आपकी बारी है।”
प्रशासन की ओर से लोगों को तकनीकी सहायता उपलब्ध कराने की भी व्यवस्था की गई है। स्व-गणना के बाद गणनाकर्मी द्वारा जानकारी का सत्यापन भी किया जाएगा, ताकि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और विश्वसनीय बनी रहे।

