JMM की मांग: प्रधानमंत्री एक साल तक बंद करें रोड शो और राजनीतिक रैलियां

रांची से एक राजनीतिक बयान इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। झारखंड मुक्ति मोर्चा की केंद्रीय समिति की ओर से प्रधानमंत्री के नाम एक पत्र जारी किया गया है, जिसमें कई अहम मुद्दों को लेकर सुझाव और सवाल उठाए गए हैं।



पत्र में प्रधानमंत्री से एक वर्ष तक विदेश यात्राएं स्थगित रखने, रोड शो और राजनीतिक रैलियों पर रोक लगाने की बात कही गई है। इसके साथ ही मंत्रिपरिषद के सदस्यों और भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के काफिलों पर भी एक वर्ष तक रोक लगाने का सुझाव दिया गया है।
पत्र में कॉरपोरेट कंपनियों को प्राकृतिक संसाधन देने, विदेशी खाद भंडारण, कृषि उत्पादों पर एमएसपी लागू करने और लघु एवं मध्यम उद्योगों को बढ़ावा देने जैसे मुद्दे भी उठाए गए हैं।
इसके अलावा पत्र में लॉकडाउन जैसी स्थिति को लेकर भी चिंता जताई गई है और कहा गया है कि इससे लोगों के रोजगार और विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो सकती है।
यह पत्र झारखंड मुक्ति मोर्चा के महासचिव सह प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य के हस्ताक्षर से जारी किया गया है। पत्र सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में इसे लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

