Newsझारखण्डसरायकेला

राजनगर में कल सजेगा देशकरम महोत्सव का रंग, शहीद निर्मल महतो की आदमकद प्रतिमा बनेगी खास आकर्षण

 

 

राजनगर। देशकरम एकता संघ, राजनगर के बैनर तले रविवार, 27 सितंबर को आयोजित होने वाले देशकरम महोत्सव की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पारंपरिक रीति-रिवाज, लोक संस्कृति और सामाजिक एकजुटता के संदेश के साथ आयोजित होने वाले इस महोत्सव को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। राजनगर स्थित कुड़मी भवन और आसपास के इलाके को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। शनिवार शाम से ही महोत्सव की रौनक नजर आने लगी है।

 

महोत्सव के सफल आयोजन को लेकर संघ की ओर से पूर्व में बैठक कर तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया था। बैठक की अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष सुधांशु महतो ने की थी। कार्यक्रम को व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए पदाधिकारियों, सदस्यों और युवा कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

 

शहीद निर्मल महतो की आदमकद प्रतिमा होगी स्थापित

 

इस वर्ष देशकरम महोत्सव का मुख्य आकर्षण राजनगर कुड़मी भवन के समीप शहीद निर्मल महतो की आदमकद प्रतिमा की स्थापना होगी। प्रतिमा स्थापना को लेकर समाज के लोगों, युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। आयोजकों के अनुसार, यह पहल महोत्सव को विशेष पहचान देने के साथ शहीद निर्मल महतो के स्मरण और उनके योगदान को सम्मानित करने का अवसर भी बनेगी।

 

देशकरम महोत्सव का उद्देश्य कुड़मी समाज की पारंपरिक संस्कृति, रीति-रिवाजों और सामाजिक विरासत को संरक्षित करना तथा नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ना है। इसके साथ ही महोत्सव के माध्यम से सामाजिक एकता, आपसी भाईचारे और सामूहिक सहभागिता को मजबूत करने पर जोर दिया जाएगा।

 

आयोजन को सफल बनाने में संघ के अध्यक्ष सुधांशु महतो, सचिव साहेबराम महतो, कोषाध्यक्ष घनश्याम महतो, सह सचिव गुरुचरण महतो, उपाध्यक्ष वैद्यनाथ महतो एवं नरेंद्र महतो, उप कोषाध्यक्ष उदित महतो, मीडिया प्रभारी डॉ. सुभाष चंद्र महतो, कृष्णा महतो सहित संघ के पदाधिकारी, सदस्य और युवा कार्यकर्ता जुटे हुए हैं।

 

आयोजकों ने समाज के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में महोत्सव में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।

Share this news